शिवपुरी। कलेक्टर के सख्त निर्देशों के पालन में संयुक्त प्रशासनिक दल द्वारा खनियांधाना बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सड़कों के किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के उद्देश्य से की गई, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।
एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस बल रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, नगर परिषद सीएमओ सहित राजस्व विभाग एवं भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़कों के किनारे अवैध रूप से रखे गए डिब्बे, केबिन एवं अस्थायी दुकानों को हटाया।
पहले दिए गए थे नोटिस, फिर हुई कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई है। अतिक्रमणकारियों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद अंतिम 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया गया था, जिसका पालन नहीं होने पर यह सख्त कदम उठाया गया।
अन्य अतिक्रमणों पर भी नजर, जल्द कार्रवाई की चेतावनी
एसडीएम पिछोर द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अन्य स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को भी शीघ्र हटाया जाए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि शेष अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाए गए, तो आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने की सराहना
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं आम नागरिकों ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।