उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार देर रात चरक भवन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वच्छता एवं मरीज सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
गर्मी को देखते हुए कूलर लगाने के निर्देश
कलेक्टर सिंह ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मरीजों की सुविधा के लिए आगामी कार्य दिवस में पर्याप्त संख्या में कूलर लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही एसी मेंटेनेंस एजेंसी द्वारा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर एक माह का भुगतान काटने के निर्देश भी दिए गए।
फायर एवं इलेक्ट्रिक सेफ्टी पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिक सेफ्टी को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी फटकार
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों एवं पुलिस गार्ड को ड्यूटी के दौरान सोते पाए जाने पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि इमरजेंसी वार्ड के बाहर पुलिस गार्ड की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि डॉक्टरों और स्टाफ की सुरक्षा बनी रहे।
स्टाफ ड्रेस और अनुशासन पर निर्देश
सीएमएचओ डॉ. अशोक कुमार पटेल को निर्देशित किया गया कि निजी सुरक्षा कर्मियों की ड्रेस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सभी सुरक्षा कर्मी निर्धारित यूनिफॉर्म में ही ड्यूटी करें।
स्वच्छता और लापरवाही पर कार्रवाई
अस्पताल में स्वच्छता की कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और निर्धारित मापदंडों के अनुसार सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पूर्व निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर संबंधित अधिकारियों को भी फटकार लगाई गई। साथ ही एनआरएलएम की सिविल इंजीनियर का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा अस्पताल प्रबंधक और सहायक अस्पताल प्रबंधक को पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।