मुरैना। शहर की टूटी सड़कें, जाम सीवर लाइन और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर वार्ड 15 के पूर्व पार्षद दिलीप सिंह राठौर ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को अंबाह बाइपास चौराहा पर तांत्रिक के साथ पूजा-अर्चना कर “बुरी आत्माओं” को पकड़ने का अभियान चलाया गया।
पूर्व पार्षद ने नगर निगम और प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि अधिकारी घटिया निर्माण और खराब व्यवस्थाओं को स्वीकार नहीं कर रहे, तो निश्चित ही “भूत-प्रेत” सड़कों को खोद रहे हैं, सीवर जाम कर रहे हैं और स्ट्रीट लाइटें खराब कर रहे हैं।
सड़क के गड्ढों में बैठकर किए गए इस विरोध प्रदर्शन में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। पूर्व पार्षद ने कहा कि गारंटी पीरियड में सड़कें खराब हो रही हैं, सीवर व्यवस्था चरमराई हुई है और सफाई व्यवस्था भी बदहाल है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं के समाधान के लिए अब तांत्रिक के माध्यम से “बुरी आत्माओं” को पकड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को ट्रंच रोड क्षेत्र में भी इसी तरह पूजा-अर्चना कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह अनूठा प्रदर्शन अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।