नीमच। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को ग्राम अरनिया कुमार स्थित एक फर्म पर औचक छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पंकज कुमार-नीरज कुमार की फर्म का निरीक्षण किया गया, जहां परिसर में अखाद्य सल्फर, हाइड्रा सहित कई रासायनिक पदार्थ पाए गए, जो मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। जांच के बाद नियमानुसार प्रशासनिक टीम द्वारा तत्काल प्रभाव से फर्म को सील करने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई एसडीएम नीमच संजीव साहू, तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा अखाद्य रसायनों का भंडारण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। इस कार्रवाई की जानकारी तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय द्वारा दी गई।
