ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर का सख्त अंदाज देखने मिला। नाले में सफाई का दावा निगम कर्मियों ने किया था, लेकिन लोगों की शिकायत पर जब मंत्री ने खुद मौके का निरीक्षण किया तो नाले में गंदगी के कारण बहाव प्रभावित मिला। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सख्त लहजे में कहा कि नाले को सुपर सकर मशीन से साफ किया जाए,अगली बार ऐसे हालात मिले तो वह एफआईआर दर्ज करवाएंगे।
दरअसल ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर अपनी विधानसभा के चंदनपुरा, विनय नगर और शब्द प्रताप आश्रम इलाकों में जन समस्याओं और विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान सिंधिया पार्क के पास स्थित पुराने नाले में गंदगी देखकर नगर निगम अधिकारियों को उन्होंने फटकार लगाई।
मंत्री तोमर ने कहा कि बारिश के मौसम से पहले 20 दिन के अंदर उन्हें इस लाइन में सुपर सकर मशीन से सफाई चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जरूरत पड़ने पर एफआईआर तक दर्ज करवाई जाएगी।