खरगोन। जिले में पुलिस द्वारा आबकारी एक्ट के तहत जब्त की गई अवैध शराब को सोमवार को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में ट्रेंचिंग ग्राउंड के समीप की गई।
सुबह से ही जिले के विभिन्न थानों से जब्त देशी और विदेशी शराब लोडिंग वाहनों के माध्यम से ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचाई गई। दोपहर में पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर शराब के स्टॉक का निरीक्षण किया और उसे नष्ट करने के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही बुलडोजर की सहायता से करीब 64 हजार लीटर अवैध शराब को नष्ट कर दिया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह शराब जिले के 14 थानों में आबकारी एक्ट के तहत दर्ज विभिन्न मामलों में जब्त की गई थी। कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग के अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहा।