सनावद। इंदौर रोड स्थित अवंतिका सूत मिल में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के चलते मिल के मिक्सर विभाग में आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर लगभग 200 कॉटन गठानें जलकर खाक हो गईं।
आग से हुए नुकसान का अनुमान करीब 1 करोड़ रुपये लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही सनावद, बड़वाह और ओंकारेश्वर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार के. सोलंकी, सीएमओ राजेंद्र मिश्रा, इंद्र बिरला सहित पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
सूत मिल के प्रबंधक धर्मेंद्र मित्तल ने बताया कि कॉटन प्रोसेसिंग यूनिट में आग लगने के बाद कर्मचारियों द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने के कारण आग तेजी से फैल गई और गोदाम में रखा कॉटन भी जलकर नष्ट हो गया।