चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट के समिति कक्ष में सभी तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़ तथा पेट्रोलियम उत्पादों की कमी संबंधी फैल रही अफवाहों को लेकर स्थिति की समीक्षा की गई।
जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं-
बैठक में आईओसी, बीपीसी, एचपीसी, नायरा एवं जीओ कंपनियों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि प्रति उपभोक्ता विक्रय सीमा तय किए जाने जैसी खबरें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बिक्री में 125 से 150 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।
अफवाहों से पंपों पर बढ़ रही भीड़-
जिला कलक्टर ने कहा कि अफवाहों के कारण आमजन अनावश्यक रूप से पैनिक खरीदारी कर रहे हैं, जिससे पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
सप्लाई चेन मजबूत करने के निर्देश-
कलक्टर ने सभी कंपनियों को निर्देश दिए कि आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखा जाए, किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए तथा शहरी क्षेत्रों के सभी आउटलेट्स पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश-
बैठक में कालाबाजारी संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कहा गया कि किसी भी आउटलेट पर प्रति उपभोक्ता तय मात्रा जैसी स्थिति उत्पन्न न हो और ड्रमों में पेट्रोलियम पदार्थ की अवैध आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
प्रशासन-पुलिस समन्वय के निर्देश-
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति बनने की आशंका पर प्रशासन एवं पुलिस से तत्काल समन्वय किया जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) रामचन्द्र खटीक, जिला रसद अधिकारी हितेश जोशी, प्रवर्तन अधिकारी चक्षु पंड्या सहित विभिन्न तेल कंपनियों के सेल्स अधिकारी उपस्थित रहे।