कंजार्डा। “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना को साकार करते हुए ग्राम चौकड़ी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। “टीम जीवनदाता झरनेश्वर” के तत्वावधान में स्व. बाबूलाल जी धाकड़ की पुण्य स्मृति में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 66 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। चिकित्सा टीम की देखरेख में सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रक्तदान प्रक्रिया संपन्न हुई।
शिविर का मुख्य आकर्षण चौकड़ी निवासी मुकेश धाकड़ रहे, जिन्होंने अपना 98वां रक्तदान कर अनूठी मिसाल पेश की। उनके इस समर्पण और सेवा भाव की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
शिविर में स्थानीय जनसहयोग से चाय, कॉफी और भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था भी की गई। आयोजन ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण अंचलों में भी मानवता और सामाजिक सेवा की भावना मजबूत है।