पिपलिया मंडी। केंद्र एवं राज्य सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांवों को स्वच्छ एवं खुले में शौच मुक्त बनाने के प्रयासों के बावजूद ग्राम पंचायत कनघट्टी में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गांव के प्रमुख मार्गों पर फैली गंदगी और कचरे के ढेर स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बायपास रोड स्थित अंबेडकर सर्कल के पास पिछले करीब एक वर्ष से कचरे का बड़ा ढेर जमा है। बार-बार शिकायत के बावजूद सफाई व्यवस्था नियमित रूप से शुरू नहीं हो सकी है। कचरे से दुर्गंध फैलने के कारण आसपास के रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा बालाजी मंदिर के पीछे खुले में शौच की स्थिति से हालात और भी बिगड़ गए हैं। मुख्य मार्ग होने के कारण यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, जिससे गांव की छवि भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से कचरा जमा रहने और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों को अवगत कराया, लेकिन समाधान नहीं होने पर स्वच्छता ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने और कचरे का निस्तारण करने की मांग की है।