मंदसौर। कृषि उपज मंडी परिसर में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुल्तानपुरा निवासी शाहरुख पिता साबिर दत्तिया के रूप में हुई है, जो मंडी में हम्माली का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार शाहरुख शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह काम पर निकला था। दोपहर के समय वह बाइक क्रमांक एमपी-14-एमएस-6110 से मंडी परिसर के भीतर जा रहा था, तभी उसकी बाइक खड़े टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें मौत का कारण बनीं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर स्पष्ट दिखाई दे रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।