उज्जैन। जिले के महिदपुर रोड थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से करीब 19 लाख 49 हजार 500 रुपए की संदिग्ध नगदी बरामद की है। रकम के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने राशि जब्त कर आयकर विभाग को जांच सौंप दी।
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नागदा रोड स्थित शनि मंदिर के पास एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में नगदी ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही महिदपुर रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को रोककर जांच शुरू की।
पुलिस ने बोलेरो वाहन क्रमांक MP-13-ZK-2554 में मौजूद लोगों से पूछताछ की। वाहन चालक ने अपना नाम हरीश निवासी नागदा बताया, जबकि साथ बैठे व्यक्ति ने खुद को सुनील उर्फ प्रदीप पोरवाल निवासी नागदा बताया।
जांच के दौरान सुनील के पास मौजूद एक काले रंग के बैग की तलाशी ली गई। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और आयकर विभाग को भी सूचना दी गई। बाद में आयकर विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में बैग खोला गया, जिसमें 500, 200 और 100 रुपए के कुल 4428 नोट मिले। गिनती में कुल राशि 19 लाख 49 हजार 500 रुपए निकली।
पूछताछ में वाहन चालक रकम के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाया। वहीं सुनील उर्फ प्रदीप पोरवाल ने बताया कि यह राशि महिदपुर निवासी अल्पेश जैन से लेकर नागदा स्थित गोल्डन केमिकल पहुंचाई जा रही थी। हालांकि मौके पर रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जा सके।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि यह रकम जमीन के सौदे से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गोल्डन केमिकल के मालिक गुलजारीलाल त्रिवेदी और अल्पेश जैन के बीच जमीन को लेकर लेन-देन हुआ था। दोनों पक्षों में विवाद होने के बाद रकम वापस नागदा ले जाई जा रही थी।
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने नियमानुसार नगदी जब्त कर सीलबंद की और थाना मालखाने में जमा करा दी। वाहन को भी सीसीटीवी निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। अब आयकर विभाग नगदी के स्रोत, लेन-देन और दस्तावेजों की विस्तृत जांच कर रहा है।