चित्तौड़गढ़। रजा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में 12 जुलाई (रविवार) को निंबाहेड़ा स्थित कुसुम गार्डन में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना होंगे।
संस्था अध्यक्ष मोहम्मद फारूक की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। निर्णय लिया गया कि डिग्री, डिप्लोमा तथा विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
संस्था के नायब सदर रशीद खान ने बताया कि समारोह में समाज, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, साहित्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को श्शान-ए-शहर सम्मानश् से नवाजा जाएगा। वहीं उर्दू भाषा और साहित्य के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्व को प्रतिष्ठित श्मैकश अजमेरी उर्दू अवार्डश् प्रदान किया जाएगा।
संस्था सचिव एडवोकेट यासीन ने बताया कि दिल्ली के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर अखलाक उस्मानी विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर, व्यक्तित्व विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और समय प्रबंधन जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
बैठक में आमिर अनवर ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा में अपनी अंकसूची की प्रति संस्था कार्यालय में जमा कराने की अपील की, ताकि उन्हें सम्मान समारोह में शामिल किया जा सके।
बैठक में पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष मोहम्मद फारूक, नायब सदर रशीद खान, सचिव एडवोकेट यासीन, आमिर अनवर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।