नीमच। पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन के उद्देश्य से भारत विकास परिषद द्वारा गुरुवार, 9 जुलाई को प्रातः 9 बजे जमुनिया बालाजी मंदिर परिसर (रावण रुंडी के आगे), नीमच सिटी में वृहद पौधारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा।
परिषद की ओर से मंदिर विकास समिति की स्वीकृति से परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ परिसर को हराभरा बनाना है।
मीडिया प्रभारी मनोज माहेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार होंगे। विशेष अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा, जमुनिया बालाजी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष महेंद्र भटनागर तथा वनमंडलाधिकारी (आईएफएस) एस.के. अटोले उपस्थित रहेंगे।
परिषद के पदाधिकारियों ने जिले के नागरिकों, सदस्यों एवं पर्यावरण प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की है।
इस अवसर पर पर्यावरण संयोजक प्रदीप डबकरा, सह-संयोजक हिम्मतसिंह चंद्रावत, अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं कोषाध्यक्ष संदीप दरक ने सभी नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।