मंदसौर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में नाबालिग बेटी के साथ हुई घटना के विरोध में सर्व समाज, मंदसौर की ओर से बेटियों की सुरक्षा, सम्मान एवं न्याय की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सर्व समाज की ओर से बताया गया कि यह घटना केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोरने वाली है। बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठाने की आवश्यकता है।
ज्ञापन कार्यक्रम आज 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 3 बजे विश्वपति शिवालय, गांधी चौराहा, मंदसौर से आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, किसान, मजदूर, कर्मचारी, अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक, पत्रकार, युवा संगठन, महिला संगठन, पूर्व सैनिक, स्वयंसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
सर्व समाज ने विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों से आग्रह किया है कि वे अपने लेटरहेड पर घटना के संबंध में भावनाएं, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग तथा बेटियों की सुरक्षा से जुड़े सुझाव लिखकर साथ लाएं, ताकि उन्हें सामूहिक ज्ञापन के साथ राष्ट्रपति महोदया तक पहुंचाया जा सके।
आयोजकों ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए समाज की एकजुटता ही मजबूत संदेश देगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इस मानवीय पहल में सहभागी बनने का आह्वान किया।