नीमच। भारत विकास परिषद, मुख्य शाखा नीमच ने परिषद के 64वें स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को जमुनिया बालाजी मंदिर परिसर (रावण रुंडी के आगे), नीमच सिटी में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान 64 फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक दिलीप सिंह परिहार थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जमुनिया बालाजी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष महेंद्र भटनागर, कोषाध्यक्ष दिनेश गोयल, भारत विकास परिषद के रीजनल सचिव (संपर्क) प्रदीप चोपड़ा तथा प्रांतीय संरक्षक सुनील सिंहल उपस्थित रहे। अतिथियों ने पौधारोपण को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
पौधारोपण में नीम, पीपल, गुलमोहर, कनेर, गुड़हल, जामुन, आम और अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का आकर्षण परिषद के सदस्यों का एकरूप ड्रेस कोड रहा, जबकि महिला संयोजिका सुनीता चौधरी के नेतृत्व में मातृशक्ति हरे परिधान में शामिल हुई।
इस अवसर पर हाल ही में आयोजित सात दिवसीय योग शिविर में सेवाएं देने वाली योग शिक्षिका रिमझिम मंगल का रंगीन दुपट्टा एवं प्रतिष्ठा शील्ड भेंट कर सम्मान किया गया। परिषद सदस्य रुचिर माहेश्वरी ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो सीमेंट की बेंच भेंट कीं।
कार्यक्रम के समापन पर परिषद अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुप्ता, सचिव सतीश गोयल एवं कोषाध्यक्ष संदीप दरक ने सभी अतिथियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम संयोजक प्रदीप डबकरा एवं सह-संयोजक हिम्मत सिंह चन्द्रावत सहित सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की। समारोह में परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।