नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया महाराज चौकी अंतर्गत बांगरेड़ गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक जंगली सूअर के गांव में घुस आने से अफरा-तफरी मच गई। सूअर ने महिला-पुरुषों पर हमला कर दिया, जिससे सात ग्रामीण घायल हो गए। इनमें एक व्यक्ति का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और पांच घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया, जबकि दो घायलों को शासकीय अस्पताल मनासा में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में कमलाबाई, प्रेमबाई, रामनाथ, प्रेमचंद टेलर एवं भागीरथ धनगर शामिल हैं। सभी का उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे जंगली सूअर का आतंक बना रहा और कई लोग उसकी चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है।