नीमच। सीमावर्ती मध्यप्रदेश का नीमच शहर शनिवार को एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बनेगा। राष्ट्र उत्थान, सामाजिक समरसता और विश्व शांति के उद्देश्य से समस्त सनातन समाज, धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में विराट सनातन राष्ट्र धर्मसभा एवं संत समागम का आयोजन किया जा रहा है।
धर्मसभा में दक्षिण काली पीठ, हरिद्वार एवं निरंजनी अखाड़ा के पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानंद गिरि जी महाराज का दिव्य सान्निध्य प्राप्त होगा। स्वामी जी अपने प्रवचनों के माध्यम से धर्म, संस्कृति, संस्कार, राष्ट्र निर्माण, पारिवारिक मूल्यों और मानव कल्याण का संदेश देंगे।
आयोजन में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी जी महाराज, महायोगी परमहंस बावा श्री श्री 1008 कालीदास कृष्णानंद जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी मधुसूदनानंद गिरि जी, बालमुकुंदाचार्य जी महाराज, महामंडलेश्वर सुरेशानंद सरस्वती जी, स्वामी सुदर्शनाचार्य जी, भागवताचार्य भीमाशंकर शास्त्री एवं राष्ट्रीय संत डॉ. मिथिलेश नागर सहित अनेक संत-महात्माओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा केंद्रीय एवं राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति, समाजसेवी, फिल्मी हस्तियां और हजारों श्रद्धालु भी धर्मसभा में सहभागिता करेंगे।
यह धर्मसभा शनिवार, 11 जुलाई को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह (टाउन हॉल), दशहरा मैदान में आयोजित होगी। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
आयोजन समिति के अनुसार धर्मसभा का उद्देश्य संतों के सान्निध्य के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रसारित करना है।
आयोजन समिति के व्यवस्था प्रमुख संतोष चौपड़ा ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार धर्मसभा में शामिल होकर संतों के आशीर्वाद एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन का लाभ लेने की अपील की है। यह जानकारी मीडिया प्रभारी विवेक खंडेलवाल ने दी।