मंदसौर। जिले की मल्हारगढ़ तहसील के ग्राम बरखेड़ा पंथ निवासी होनहार युवा डॉ. निलेश पाटीदार का शुक्रवार को प्रथम प्रयास में एफएमजीई (Foreign Medical Graduate Examination) उत्तीर्ण करने पर भव्य सम्मान किया गया। रूस से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद इस सफलता से उन्होंने गांव, समाज और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
सम्मान समारोह की शुरुआत बालाजी मंदिर से हुई, जहां से डॉ. निलेश का भव्य स्वागत जुलूस निकाला गया। जुलूस गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए उनके निवास तक पहुंचा। इस दौरान ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर, माल्यार्पण कर और जयघोष के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकला जुलूस पूरे गांव के लिए उत्सव का केंद्र बना रहा।
ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. निलेश पाटीदार की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रथम प्रयास में एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण कर यह साबित किया है कि ग्रामीण अंचल के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिवारजन, समाजजन, युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. निलेश पाटीदार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल चिकित्सकीय जीवन की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि वे चिकित्सा सेवा के माध्यम से समाज की सेवा करते हुए क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेंगे।