नीमच। मनासा की पटेल कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय गोपाल ग्वाला ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद करीब 10 दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद शुक्रवार रात दम तोड़ दिया।
परिजनों के अनुसार, 30 जून और 1 जुलाई की मध्यरात्रि गोपाल ग्वाला मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गिरदौड़ा और रेवली देवली के बीच किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें पहले जिला चिकित्सालय नीमच और बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें अहमदाबाद रेफर किया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर वापस घर ले जाने की सलाह दी गई। परिजन उन्हें वापस ला रहे थे, तभी 10 जुलाई की रात करीब 10 बजे रास्ते में उनका निधन हो गया।
शनिवार को जिला चिकित्सालय नीमच में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से परिवार में शोक की लहर है।
परिजनों ने हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन एवं चालक की तलाश शुरू कर दी है।