नीमच। अटल बिहारी वाजपेयी सभागार (टाउन हॉल) में आयोजित आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानंद गिरी जी महाराज की विराट धर्मसभा को लेकर शनिवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सभागार के बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रवेश के लिए कतारों में खड़े नजर आए। गुरुजी के दर्शन और प्रवचन सुनने को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।
धर्मसभा शुरू होने से पहले ही टाउन हॉल परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। श्रद्धालुओं का कहना था कि वे लंबे समय से आचार्य श्री के दर्शन और आध्यात्मिक प्रवचनों का इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को निकली भव्य अभिनंदन यात्रा के बाद शनिवार की धर्मसभा को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता दिखाई दी।
श्रद्धालुओं ने कहा कि नीमच की पावन धरती पर इतने बड़े संत का आगमन पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित धर्मसभा में शामिल होकर संतवाणी का लाभ लेने पहुंचे।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें विभिन्न समाजों के लोगों ने भी सहभागिता की। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भी आचार्य श्री का स्वागत करते हुए धर्मसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश दिया।
धर्मसभा में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री कैलाशानंद गिरी जी महाराज राष्ट्र उत्थान, सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और विश्व शांति पर अपने प्रेरक विचार रखेंगे। आयोजन को लेकर पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।