मनासा। धर्मनगरी मनासा में एक बार फिर भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति का उल्लास देखने को मिलेगा। अन्तर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) नीमच के तत्वावधान में श्री जगन्नाथ मंदिर द्वारा 16 जुलाई, गुरुवार को द्वितीय श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1.30 बजे बद्रीविशाल मंदिर, गांधी चौक से प्रारंभ होने वाली यह रथ यात्रा पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर देगी।
रथ यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा जी की सुसज्जित प्रतिमाओं को भव्य रथ पर विराजित कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा बद्रीविशाल मंदिर से प्रारंभ होकर गांधी चौक, सदर बाजार, आनंद हलवाई, विजय लंच, शासकीय अस्पताल मार्ग, रामाबाग स्थित अन्नपूर्णा मंदिर होते हुए कागमल चौराहा तक पहुंचेगी।
आयोजन को सफल बनाने के लिए जगन्नाथ रथ यात्रा उत्सव समिति एवं नगर के धर्मप्रेमी नागरिक सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस्कॉन नीमच से जुड़े रघुनाथ प्रभुजी एवं विशाल प्रभुजी के नेतृत्व में सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजकों ने बताया कि रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और नगरभर में तैयारियां जोरों पर हैं। समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।