सोनकच्छ। पूर्व मंत्री एवं सोनकच्छ क्षेत्र के पूर्व विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने दतिया उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। बुधवार को सोनकच्छ विधानसभा दौरे के दौरान नेवरी फाटा क्रॉसिंग पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि दतिया सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी 25 से 30 हजार मतों से जीत दर्ज करेगा।
वर्मा ने आरोप लगाया कि दतिया की सीट को षड्यंत्रपूर्वक न्यायपालिका के निर्णय के माध्यम से खाली कराया गया था, जिससे कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को उनकी विधायकी से वंचित किया गया। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र की जनता में गहरा आक्रोश है और कांग्रेस के प्रति समर्थन व समर्पण बढ़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि जनता इस बार जवाब देने के लिए तैयार है। “चाहे नरोत्तम मिश्रा हों या कोई अन्य नेता, दतिया में कांग्रेस की मजबूत फौज मैदान में है। स्थानीय कार्यकर्ताओं के दम पर हम चुनाव लड़ रहे हैं और डंके की चोट पर 25 से 30 हजार वोटों से जीत हासिल करेंगे,” वर्मा ने विश्वास जताया।