खरगोन। परीक्षा प्रणाली में सुधार, पेपर लीक पर रोक और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर सोमवार को छात्रों ने भ्रष्ट शिक्षा व्यवस्था के विरोध में तथा सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में पैदल मार्च निकाला। रैली बिस्टान नाका से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची।
यहां छात्रों ने नारेबाजी कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर कार्यालय को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई, सुरक्षित एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने, प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए शीघ्र पुनर्परीक्षा, आयु सीमा में राहत तथा प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र की स्थापना की मांग की गई। छात्रों ने कहा कि लगातार हो रही परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, इसलिए सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।