नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त एक शिकायत पर राजस्व विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर शिकायत का निराकरण किया।
शिकायतकर्ता ने आवेदन प्रस्तुत कर शासकीय मंदिर एवं चरागाह की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने तथा खेत तक आने-जाने का मार्ग अवरुद्ध होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान शासकीय भूमि से अतिक्रमण को पूर्णतः हटाकर भूमि को समतल कराया गया, जिससे शिकायतकर्ता सहित ग्रामीणों के आवागमन का मार्ग पुनः सुगम हो गया। मार्ग खुलने से खेतों तक पहुंच आसान हो गई है और स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान हो सके।