नीमच। छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने के दौरान प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार शाम नीमच की राजनीति गरमा गई। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गांधी भवन से विजय टॉकीज चौराहे तक विरोध रैली निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान एक नाटकीय घटनाक्रम भी देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला जलाने का प्रयास किए जाने पर वह पहली बार में आग नहीं पकड़ पाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने दोबारा उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई, जिससे पुतला तेज लपटों में घिर गया। आग की लपटें उठते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल्टियों में पानी लेकर उसे बुझाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक पुतला पूरी तरह जल चुका था। पुलिस पुतला दहन को रोकने में सफल नहीं हो सकी।
प्रदर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती एवं जिला संगठन के महासचिव बृजेश मित्तल ने आरोप लगाया कि देशभर के छात्र निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है और कांग्रेस छात्रों, युवाओं तथा आमजन के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी।
कांग्रेस नेताओं ने जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की भी कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान विजय टॉकीज चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।