नीमच। किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रभारी कृष्ण कुमार लखेरा ने नीमच प्रवास के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। श्वॉइस ऑफ एमपीश् से विशेष बातचीत में उन्होंने किसानों, युवाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
लखेरा ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान के बाद किसानों को दिया जाने वाला मुआवजा वास्तविक नुकसान की तुलना में बेहद कम है, जिससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश का बेरोजगार युवा आज सड़कों पर संघर्ष करने को मजबूर है। नीट पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उनका कहना था कि युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कृष्ण कुमार लखेरा ने कहा कि उनके साथ किया गया व्यवहार लोकतंत्र की भावना के अनुरूप नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद स्थापित करने के बजाय विरोध की आवाजों को दबाने की नीति अपना रही है।
कृष्ण कुमार लखेरा ने कहा कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में देश का युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और वही तय करेगा कि देश की बागडोर किसके हाथों में होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में युवा, किसान और आमजन अपने मुद्दों को लेकर निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, समय पर मुआवजा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि इन मुद्दों की अनदेखी की गई तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।