नीमच। कांग्रेस खेल एवं खिलाड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव रवि दीवान ने नीमच में प्रस्तावित सीएम राइज स्कूल भवन के निर्माण को लेकर भाजपा जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि हाई सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में सीएम राइज स्कूल भवन का निर्माण किया गया तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
रवि दीवान ने कहा कि जावद एवं मनासा में सीएम राइज स्कूल भवन बनकर तैयार हो चुके हैं और वहां बच्चों की पढ़ाई भी शुरू हो गई है, लेकिन नीमच में अभी तक भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन नगर के एकमात्र शेष हाई सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में स्कूल भवन निर्माण की तैयारी कर रहा है, जो शहरवासियों और खेल प्रतिभाओं के हितों के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि यह मैदान सैकड़ों खिलाड़ियों के लिए अभ्यास का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण होता है। यदि यहां भवन निर्माण किया जाता है तो खिलाड़ियों के पास अभ्यास के लिए कोई उपयुक्त स्थान नहीं बचेगा।
रवि दीवान ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के सांसद, विधायक एवं भाजपा के जनप्रतिनिधि निजी स्कूल संचालकों के दबाव में सीएम राइज स्कूल भवन के मामले को जानबूझकर उलझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अन्य कई सरकारी भूमि उपलब्ध हैं, जहां इस भवन का निर्माण किया जा सकता है। कुछ भूमि से अतिक्रमण हटाने के मामलों में नगर पालिका प्रशासन न्यायालय से फैसला भी जीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद खेल मैदान को ही भवन निर्माण के लिए चुना जाना समझ से परे है।
उन्होंने प्रशासन से स्कूल भवन के लिए वैकल्पिक स्थान का चयन करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि हाई सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में निर्माण कार्य शुरू किया गया तो कांग्रेस खेल एवं खिलाड़ी प्रकोष्ठ शहर के खिलाड़ियों के साथ मिलकर व्यापक विरोध-प्रदर्शन करेगा।