नीमच। कांग्रेस सेवा दल द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित किए जाने वाले मासिक ध्वजारोहण कार्यक्रम के तहत इस माह भी एकता कॉलोनी चौराहे पर तिरंगा ध्वजारोहण किया गया। कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह यादव ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कांग्रेस सेवा दल द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को नियमित रूप से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में यह कार्यक्रम नीमच शहर के प्रत्येक वार्ड में आयोजित किया जाएगा, जिससे संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाया जा सके और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को कांग्रेस सेवा दल से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर क्षेत्र के बच्चों को अल्पाहार का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे।