खरगोन। जिले के कसरावद तहसील के ग्राम सालिमपुरा में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दंपती घर में मृत अवस्था में पाए गए। मृतकों की पहचान प्रवीण पिता लोभीराम मुनिवर (31 वर्ष) एवं उनकी पत्नी शीला बाई पति प्रवीण (27 वर्ष), जाति बलाई के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों को परिजनों द्वारा निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसरावद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बलकवाड़ा थाना कि खलटाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई तथा पोस्टमार्टम सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।
एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि पति-पत्नी दोनों अपने घर पर मृत अवस्था में पाए गए थे, जिन्हें परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसरावद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दंपती की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।