तराना। पवित्र श्रावण मास की शुरुआत गुरुवार को आस्था और उत्साह के साथ हुई। सुबह से ही क्षेत्र में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली, वहीं श्रावण के पहले दिन शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
सुबह से ही भक्त भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते रहे। मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शिवभक्तों ने व्रत-उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना की।
श्रावण मास के पहले दिन हुई बारिश ने धार्मिक माहौल को और अधिक मनोहारी बना दिया। एक ओर मेघों की मेहरबानी से मौसम खुशनुमा रहा, तो दूसरी ओर शिवालयों में उमड़ी आस्था ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं का मानना है कि श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।