चित्तौड़गढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी एवं गंगरार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 22 किलो 120 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त एक अन्य आरोपी को नामजद करते हुए उसके विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं पुलिस उपाधीक्षक गंगरार उदय सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
सोमवार को थानाधिकारी गंगरार तुलसीराम प्रजापत के नेतृत्व में मुखबिर से प्राप्त विशेष सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बोरदा, थाना गंगरार निवासी उदय किशन जोशी (68) पिता हजारीमल जोशी के मकान पर दबिश देकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 22 किलो 120 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसे जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी नामजद किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत, उप निरीक्षक बालमुकुंद, हेड कांस्टेबल युवराज सिंह तथा कांस्टेबल सुनील, सुशीला एवं देवकिशन शामिल रहे।
डीएसटी टीम में हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह एवं राजदीप सिंह तथा कांस्टेबल दुर्गाराम, विक्रम, विजय, दीपक, संजू सोनी एवं रामनरेश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।