नीमच। जिले की मनासा तहसील के ग्राम बालागंज निवासी 26 वर्षीय विवाहिता पूजा पति बलराम ओड़ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद जिला चिकित्सालय परिसर के बाहर जमकर हंगामा हो गया। आक्रोशित परिजनों ने महिला का शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपी पति की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की भी मांग की।
परिजनों का आरोप है कि पूजा का पति शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। उनका कहना है कि घटना के समय पति भी उसी कमरे में मौजूद था, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही प्रताड़ना के कारण पूजा लंबे समय से परेशान थी।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पूजा को पहले मनासा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नीमच रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण जिला चिकित्सालय के कंट्रोल रूम के सामने एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया तथा आरोपी पति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
सूचना मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हुई। समाचार लिखे जाने तक धरना और चक्का जाम जारी था। मौके पर नीमच कैंट थाना पुलिस एवं तहसीलदार मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि मृतका पूजा की एक छोटी बच्ची भी है। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा परिजन आरोपी पति की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।