गरोठ/शामगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी शामगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र के किसानों को फसल बीमा राशि नहीं मिलने के मुद्दे को लेकर नायब तहसीलदार भीम सिंह खराड़ी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने 44 हलकों में से केवल 9 हलकों के किसानों को ही बीमा राशि मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शेष 35 हलकों के किसानों को शीघ्र बीमा राशि दिलाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान अब भी अपनी बीमा राशि का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शेष किसानों के खातों में जल्द से जल्द बीमा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही किसानों को उनकी बीमा राशि नहीं मिली तो किसानों के साथ मिलकर तहसील कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर सिंह पंवार, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. शौकत मंसूरी, मंडलम अध्यक्ष प्रेम मालवीय एवं बबलू मेव, अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल सिसोदिया, ब्लॉक सेवादल अध्यक्ष राकेश सत्संगी, इकबाल मेव, दिनेश बामनिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।