शाजापुर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान शुक्रवार को शाजापुर पहुंचे। उन्होंने पार्टी के शाजापुर प्रभारी अफसर अली के निवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मीडिया से चर्चा के दौरान मोहसिन अली खान ने कहा कि 22 जुलाई को मध्य प्रदेश में आयोजित पार्टी के विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उन्होंने इन गिरफ्तारियों का विरोध करते हुए कहा कि पार्टी अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि AIMIM समान नागरिक संहिता (UCC) का विरोध करती है और पार्टी इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी। उनका कहना था कि जब तक इस कानून को वापस नहीं लिया जाता, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुचित कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी भी कार्यकर्ताओं के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं।
मोहसिन अली खान ने कहा कि आगामी समय में शाजापुर में UCC के विरोध में बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी प्रशासन के समक्ष अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखेगी।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा घेराव आंदोलन के दौरान शाजापुर प्रभारी अफसर अली को भी गिरफ्तार किया गया था। उनकी रिहाई के बाद उनसे मुलाकात करने और आगामी रणनीति तय करने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष शाजापुर पहुंचे थे। बैठक में संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।