मंदसौर। जिले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र होने के बावजूद बीमा राशि से वंचित किसानों को शीघ्र भुगतान करने सहित अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से सिटी कोतवाली तक पैदल मार्च निकाला और तहसीलदार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि जिले के कई किसान फसल बीमा योजना के लाभ से अब तक वंचित हैं। प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में समय पर बीमा राशि का भुगतान किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसान पहले ही बढ़ती खेती लागत, खाद-बीज की कमी, बिजली संकट और कर्ज जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद बीमा राशि के भुगतान में देरी होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि सभी पात्र किसानों को तत्काल फसल बीमा राशि का भुगतान किया जाए। लंबित बीमा दावों का समयबद्ध निराकरण हो, अस्वीकृत दावों की पुनः जांच कर पात्र किसानों को लाभ दिया जाए तथा बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
विधायक विपिन जैन ने कहा कि जिले में फसल बीमा राशि जारी होने के बावजूद बड़ी संख्या में किसान लाभ से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि कई किसानों को मिली राशि भी बहुत कम है, जो उनकी वास्तविक क्षति की तुलना में पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सरकार से पात्र किसानों को शीघ्र बीमा राशि दिलाने और मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग की।
प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक विपिन जैन, परशुराम सिसोदिया, राकेश पाटीदार, मनजीत सिंह मनी, इष्टा भाचावत, नवकृष्ण पाटिल, तरुण खींची, अनीस मंसूरी, साबिर शाह, माजिद चौधरी, अनिल शर्मा, दीपक सिंह गुर्जर, सुरेश भाटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।