चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया की अध्यक्षता तथा जिला संगठन प्रभारी छोटूराम मीणा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया एवं जिला प्रभारी छोटूराम मीणा ने कहा कि समय पर चुनाव नहीं होने से शहरी एवं ग्रामीण विकास प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि न्यायालय के निर्देश के बाद राज्य निर्वाचन आयोग को नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव नवंबर से पूर्व कराने के निर्देश मिले हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी तैयारियों में जुटना होगा।
बैठक में बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने, वार्ड एवं पंचायत स्तर पर जीतने योग्य उम्मीदवारों की पहचान करने तथा घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों एवं पूर्व सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। साथ ही भाजपा सरकार की नीतियों और कमियों को जनता के सामने रखने का आह्वान किया गया।
नेताओं ने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि संगठन प्रभावी ढंग से कार्य कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
बैठक को पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी, प्रकाश चौधरी, पीयूष त्रिवेदी, ललित बोरीवाल, रंजना शर्मा, दिनेश चास्ता, राजेंद्र आर्य, यशोदा पुरोहित, अल्पेश गोस्वामी सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। संचालन जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अहसान पठान ने किया।
बैठक में जिलेभर से कांग्रेस पदाधिकारी, प्रकोष्ठ अध्यक्ष, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, पूर्व पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के बाद जिला प्रभारी छोटूराम मीणा ने कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन संवाद कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की और आगामी चुनावों में कांग्रेस को विजय दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।