नीमच। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की करीब छह हजार से अधिक मतों से जीत के बाद सोमवार शाम नीमच में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ विजय उत्सव मनाया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में विजय टॉकीज चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां से शहर के प्रमुख मार्गों पर बाइक रैली निकाली गई। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया तथा एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत की खुशी साझा की।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए इस जीत को जनता के विश्वास और संगठन की एकजुटता का परिणाम बताया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम भाजपा के अहंकार की हार और लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने अपने मत के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि वह जनहित के मुद्दों और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस जीत को आगामी राजनीतिक संघर्ष के लिए उत्साहवर्धक बताया।