नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को रेड क्रॉस सोसाइटी कार्यालय परिसर में संचालित फिजियोथैरेपी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में उपलब्ध फिजियोथैरेपी मशीनों, उपकरणों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. तनु कोठारी ने कलेक्टर को सेंटर में उपलब्ध विभिन्न फिजियोथैरेपी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक एवं आवश्यक उपकरणों के माध्यम से मरीजों को उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेंटर का संचालन प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाता है।
डॉ. कोठारी ने बताया कि सेंटर में मात्र 100 रुपये शुल्क पर फिजियोथैरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सेंटर में आवश्यक मशीनें एवं संसाधन उपलब्ध हैं तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को व्यवस्थित एवं प्रभावी उपचार सुविधा प्रदान की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित फिजियोथैरेपी सेंटर एवं रेड क्रॉस सोसाइटी का स्टाफ तथा संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।