नीमच। डुंगलावदा के समीप शनिवार को कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों एवं ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात व्यवस्था का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है। निर्माण स्थल पर सड़क सामग्री, अव्यवस्थित यातायात मार्ग तथा पर्याप्त संकेतक नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। इससे वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों में चिंता के साथ आक्रोश भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं सड़क निर्माण ठेकेदार से निर्माण स्थल पर उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।