नीमच। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता बुधवार को सड़क पर उतरे। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने गांधी भवन से विजय टॉकीज चौराहे तक पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा स्थल पर कथित ‘जातिवादी शुद्धिकरण’ की घटना के विरोध में आवाज उठाने को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए एफआईआर तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हल्द्वानी की कथित घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी लगातार शोषित, पीड़ित एवं वंचित वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर आवाज उठाने के कारण उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।
कांग्रेस ने कहा कि दबाव और कार्रवाई से उसकी आवाज नहीं दबेगी। सामाजिक न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों के मुद्दे को लेकर पार्टी अपनी लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखेगी।