नीमच। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में नीमच जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग ने मोर्चा खोलते हुए राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया।
जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष राकेश जावरिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ की घटना पर कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटना जातिगत भेदभाव की मानसिकता को दर्शाती है और यह संविधान की भावना तथा सामाजिक समानता के मूल्यों के विपरीत है।
राहुल गांधी पर एफआईआर का विरोध-
ज्ञापन में कहा गया कि घटना के विरोध में आवाज उठाने वाले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करना राजनीतिक विद्वेषपूर्ण कार्रवाई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एफआईआर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास है। संगठन ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग-
कांग्रेस ने सभा स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की। साथ ही अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों के सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग राष्ट्रपति से की गई। इस दौरान जिला कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।