चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य शहर के सुनियोजित एवं सर्वांगीण विकास को गति देना होना चाहिए। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और शहर के विकास को लेकर भाजपा का विजन आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विधायक आक्या नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के विभिन्न वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव कार्यालयों के उद्घाटन अवसर पर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है।
विधायक ने वार्ड नंबर 10 से भाजपा प्रत्याशी सविता जाजू, 16 से अशोक सोनी, 18 से जीवन कोदली, 21 से शाहीन बी, 23 से राजू सालवी, 26 से रमा शर्मा, 27 से सुमन बैरागी, 28 से विपिन सिंह शक्तावत, 41 से जाकिर कुरैशी, 48 से लक्ष्मीनारायण सोनी, 49 से प्रतिभा नाहटा, 51 से मीना वाघेला, 52 से मोहम्मद इब्राहीम मंसुरी (गुड्डा भाई) एवं 53 से निकिता सैनी के समर्थन में चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान अतिथियों ने मौली बंधन खोलकर कार्यालयों का शुभारंभ किया।
लंबित समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता : आक्या
आक्या ने कहा कि पिछले कांग्रेस बोर्ड के कार्यकाल में चित्तौड़गढ़ शहर का विकास प्रभावित हुआ। भाजपा विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने पर शहर की लंबित समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में जुटने तथा भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में अधिक से अधिक जनसमर्थन जुटाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में हजारेश्वर महादेव मंदिर के चन्द्रभारती महाराज, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, नगर निकाय चुनाव संयोजक सुशील शर्मा, सह संयोजक अनंत समदानी, भरत जागेटिया, नरेंद्र पोखरना, प्रदीप काबरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।