दतिया। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह शुक्रवार को दतिया पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
दतिया प्रवास के दौरान डॉ. सिंह ग्राम बगैदरी पहुंचे, जहां गिरिराज मंदिर में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं भजन संध्या कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गिरिराज मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान वरिष्ठ नेता चंद्र पाल यादव सहित गणमान्य लोग मौजूद रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और भजन संध्या का आनंद लिया।