चित्तौड़गढ़। मेढ़की महादेव एवं सेमलपुरा घाटा बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और दंपत्तियों को निशाना बनाकर लूट की वारदात करने वाली गैंग के मुख्य आरोपी को जिला विशेष टीम (डीएसटी) और कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मारपीट कर मोबाइल और जेवर लूटने की रिपोर्ट-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रामदेवजी का चंदेरिया निवासी भेरूलाल प्रजापत ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के अनुसार, 5 जून 2026 को वह गीता देवी के साथ करोंदा लेने के लिए सेमलपुरा घाटा की ओर गया था। हनुमान मंदिर में दर्शन के बाद दोनों करोंदा तोड़ रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति वहां पहुंचे और दोनों के साथ मारपीट कर दी।
आरोपियों ने दो मोबाइल फोन, गीता देवी के कान में पहनी दो सोने की बालियां, सोने का मंगलसूत्र, नाक-कान के अन्य जेवरात तथा नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच एएसआई नवलराम को सौंपी गई।
लगातार हो रही वारदातों के बाद बनाई टीम-
मेढ़की महादेव और सेमलपुरा घाटा क्षेत्र में इसी तरह की घटनाएं लगातार सामने आने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा एवं डीएसपी बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में जिला विशेष टीम और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व थानाधिकारी रजनीश कुमार ने किया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस-
पुलिस टीम ने घटनास्थलों और वारदात के संभावित रूट की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही इसी तरह की वारदातों में पूर्व में चालानशुदा अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला गया तथा तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस के अनुसार, इन साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों को नामजद किया गया। इसके बाद लगातार दबिश देकर गैंग के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस ने रघुवीर पुत्र इंद्रमल कंजर, निवासी मंडावरी, थाना बेगूं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में गैंग के दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके कब्जे से वारदात से संबंधित पूरा माल बरामद किया गया है।
छह वारदातों में शामिल होने की बात सामने आई-
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी रघुवीर कंजर ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस्सी थाना क्षेत्र के मेढ़की महादेव, मेनाल-बेगूं तथा सेमलपुरा घाटा क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर छह वारदातें करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों और गैंग के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
कोतवाली थाना टीम में थानाधिकारी रजनीश कुमार, एएसआई नवलराम एवं हेमेंद्र सिंह शामिल रहे। जिला विशेष टीम में पुलिस निरीक्षक जोधाराम (प्रभारी), कांस्टेबल रामावतार, सुनील, दुर्गेश, पुरखाराम, मुकेश, साहिल, राकेश पदम, जोगेंद्र एवं ललित सिंह शामिल रहे।