नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक महिला को 11 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत 58 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। मामले में अफीम उपलब्ध कराने वाले एक व्यक्ति को सहआरोपी बनाया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
संदेह के आधार पर महिला को पकड़ा-
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को अपराध विवेचना के दौरान नीमच सिटी थाना पुलिस टीम आमरोड दरक वेयर हाउस के सामने यूनिक वेल्डिंग वर्क्स की बंद पड़ी गुमटी के आगे गिरदौड़ा क्षेत्र में पहुंची। यहां संदेह के आधार पर ममता उर्फ बंटी पत्नी मुकेश, जाति नायक, उम्र 40 वर्ष, निवासी बोरखेड़ी पानड़ी की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 11 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने पंचों के समक्ष अफीम विधिवत जब्त कर महिला को गिरफ्तार किया। मामले में थाना नीमच सिटी पर धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सप्लायर को बनाया सहआरोपी-
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार महिला को अफीम उपलब्ध कराने वाले शांतिलाल पिता नारूलाल मीणा, निवासी रावण रूंडी, नीमच सिटी को धारा 8/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत सहआरोपी बनाया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
58.50 लाख रुपए की अफीम जब्त-
कार्रवाई में पुलिस ने कुल 11 किलो 700 ग्राम अफीम जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 58 लाख 50 हजार रुपए है। पुलिस अब अफीम की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जांच कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सागरिया के नेतृत्व में नीमच सिटी पुलिस टीम ने की। कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सागरिया सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।