कसरावद। कारागार में जन्म लेने वाले भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व सब जेल कसरावद में बड़े ही हर्षाेल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जेल परिसर में पारंपरिक मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बंदियों ने बढ़-चढ़कर और पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। मटकी फोड़ के दौरान पूरा जेल परिसर ष्नंद घर आनंद भयोष् और ष्हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल कीष् के जयकारों से गूंज उठा। इस आयोजन से बंदियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक भावना का संचार देखने को मिला।
इस अवसर पर सहायक जेल अधीक्षक धर्मवीर सिंह उमरेया, पैरा लीगल वालंटियर आकिल खान, देव दत्ता एक्कल एवं भारतीय पत्रकार संघ के संभाग संरक्षक अबरार पठान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पैरा लीगल वालंटियर आकिल खान ने बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हमें कर्म, प्रेम और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। उन्होंने सभी बंदियों से आह्वान किया कि वे अपराध और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर, अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएं और रिहाई के पश्चात समाज की मुख्यधारा से जुड़कर एक सम्मानित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन यापन करें।
अंत में जेल प्रशासन द्वारा सभी बंदियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गईं और प्रसाद एवं पुरस्कार वितरित किया गया।