कसरावद। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए जिला प्रशासन खरगोन द्वारा ‘मिशन बेंचमार्क’ अभियान शुरू किया गया है।
कलेक्टर गुरु प्रसाद के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान के तहत उन स्कूलों में टेबल-बेंच उपलब्ध कराए जाएंगे जहां बच्चे जमीन या फर्श पर बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं।
कसरावद एसडीएम अनिल जैन ने समाज के सक्षम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे जरूरतमंद स्कूलों में टेबल-बेंच दान कर इस अभियान का हिस्सा बनें।
एसडीएम ने कहा - "दान की एक बेंच, बच्चे के बेहतर भविष्य की नींव है।" टेबल-बेंच मिलने से न केवल बैठने की सुविधा मिलेगी बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और पढ़ाई में एकाग्रता पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।