चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने गोदाम का शटर तोड़कर चिया सीड अनाज चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया चिया सीड अनाज बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
शटर तोड़ने की कोशिश, फिर गोदाम से चोरी-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, कमला नेहरू मार्ग, बड़ीसादड़ी निवासी अभय कुमार बक्शी ने थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 29 अगस्त की रात तीन संदिग्ध गोदाम पर पहुंचे और चेहरे पर कपड़ा बांधकर शटर तोड़ने का प्रयास करने लगे। आरोपियों ने पहले मीटर तोड़कर बिजली बंद करने की कोशिश की। इसी दौरान गश्ती दल के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि इससे पहले 4 मई 2026 को गोदाम में घुसकर चार बोरी चिया सीड अनाज चोरी किया गया था। लगातार चोरी और चोरी के प्रयासों से परेशान होकर गोदाम मालिक ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और तकनीकी मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह के निर्देशन एवं पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिश्चन्द्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बड़ीसादड़ी कस्बे और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी सहायता और मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार संदिग्धों से पूछताछ के दौरान वारदात में मुकेश उर्फ काना, लालूराम मीणा और लखमे सिंह मीणा की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का माल और बाइक बरामद-
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को बम्बोरा, थाना जलोदा जागीर, जिला प्रतापगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर प्रकरण से संबंधित चोरी किया गया चिया सीड अनाज बरामद किया गया। वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है।
ये आरोपी गिरफ्तार-
मुकेश उर्फ काना पिता रामसिंह मीणा, उम्र 24 वर्ष, निवासी बम्बोरा, थाना जलोदा जागीर, जिला प्रतापगढ़।
लालूराम पिता नानूसिंह मीणा, उम्र 21 वर्ष, निवासी बम्बोरा, थाना जलोदा जागीर, जिला प्रतापगढ़।
लखमे सिंह पिता मागूसिंह मीणा, उम्र 18 वर्ष, निवासी चौनपुरिया, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़।
पुलिस टीम-
कार्रवाई में एएसआई लक्ष्मीलाल, कांस्टेबल श्रवण कुमार, दिनेश, अचलाराम, प्रेमाराम और बाबूलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।