नीमच। नीमच-सगराना घाटी मार्ग पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में रामदेवरा की पैदल यात्रा पर निकले 53 वर्षीय मदनलाल वर्मा की मौत हो गई। गंधर्वपुरी, जिला देवास निवासी मदनलाल वर्मा पैदल रामदेवरा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि मदनलाल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद उन्हें तत्काल नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मदनलाल वर्मा पिता बापूधाम को मृत घोषित कर दिया। रविवार को जिला अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर जांच प्रारंभ कर दी है।
मृतक के भतीजे चंदू वर्मा के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन लेकर आगे निकल गया था, जिसे बाद में पकड़ लिया गया। परिजनों ने कार चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।